पिंजौर। जीरकपुर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर एचएमटी गेट के समीप तेज बरसात के चलते पेड़ टूट कर हाईवे पर गिर गया। घटना में एक ऑटो सहित बाइक चालक पेड़ की चपेट में आ गए। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अश्वनी निवासी पिंजौर ने बताया कि वह जब शाम के करीब 4 बजे एचएमटी गेट के समीप पहुंचा तो एक पेड़ अचानक उनकी बाइक के ऊपर गिर गया जिस कारण एक ऑटो और उनकी बाइक पेड़ के नीचे फंस गए। अश्वनी ने बताया कि उन्हें मामूली चोटें पहुंची परंतु उनकी बाइक सहित ऑटो क्षतिग्रस्त हो गए। हाईवे पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। टूटे पेड़ को जेसीबी की सहायता से एक ओर हटा कर ट्रैफिक को सुचारू किया।