व्यक्ति को चाकू से हमला कर 5 हजार रुपये लूटे
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-4 में रविवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर लौट रहे एक पान दुकानदार पर चाकू से हमला कर 5 हजार रुपये लूट लिए और भाग गए। घायल को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई है। जानकारी के अनुसार सेक्टर-4 हरिपुर निवासी पिंटू ने बताया कि उसकी सेक्टर-5 में पान की दुकान है। रविवार रात करीब 12:30 बजे वह दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहा था। सेक्टर-4 के मकान नंबर 642 के पास एक बाइक पर सवार तीन लड़कों ने उसे ओवरटेक कर रोका और धक्का देकर गिरा दिया। लड़कों ने उसकी जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए। किसी तरह जान बचाकर पिंटू अपने घर हरिपुर के पास पहुंचा लेकिन वहां भी वही बदमाश पहले से मौजूद थे। उन्होंने दोबारा उससे लूट की कोशिश की और उसकी कमर पर चाकू से हमला कर दिया। पिंटू की चीख सुनकर लोग इकट्ठे हुए तो बदमाश भाग निकले। पिंटू के दोस्त ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।