टक्कर के बाद कार और डिवाइडर के बीच फंसी, महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-1 और सेक्टर-2 डिवाइडिंग रोड पर रविवार दोपहर रेत से लदा ट्रक कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक और डिवाइडर के बीच फंस गई। कार सवार महिला घायल हो गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने तुरंत दोनों वाहनों को सड़क किनारे किया और जाम खुलवाया। रामगढ़ की ओर से कार और ट्रक पंचकूला की तरफ आ रहे थे। सेक्टर-2 डिवाइडिंग के पास कार चालक महिला ने यू-टर्न लेने का प्रयास किया, तभी पीछे से आ रहे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कार से टकरा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।