पंचकूला। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के समीप जंगल क्षेत्र में रविवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का तीन-चार दिन पुराना शव पेड़ से लटका पाया गया। यह शव उस समय सामने आया, जब वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने जीआरपी को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ कर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। संवाद