आप ने फूंका मोदी का पुतला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कालोनी नंबर चार के पुनर्वास में हो रही देरी से नाराज कालोनीवासियों ने आम आदमी पार्टी के बनैर तले पीएम नरेंद्र मोदी व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। आप कालोनी सेल के संयोजक राधेश्याम यादव ने कहा कि कालोनी नंबर चार के लोगों का मलोया में मकान बनकर तैयार है, लेकिन भाजपा शासित नगर निगम ने एक साल तक इसका सीवरेज का काम रोके रखा। अब यह काम पूरा हुआ तो फिर देरी की जा रही है। भाजपा लोकसभा चुनाव में कालोनीवासियों को दोबारा झूठे वायदे करने के लिए पुनर्वास को टालना चाहते हैं, लेकिन पार्टी इसको सफल नहीं होने देगी। इसके लिए आंदोलन किया जाएगा। प्रवक्ता योगेश सोनी ने कहा कि भाजपा भूल जाए कि कालोनीवासियों से अब चुनाव में वोट लेगी। इस मौके पर संगठन प्रभारी विक्रम सिंह पुंडीर, गुरुदेव यादव, राजेंद्र यादव, अरविंद तिवारी, मोहम्मद गफ्फार, मोहम्मद वाहिद आदि मौजूद रहे।