कल्याणकारी योजनाओं के साथ दलितों पर फोकस
-भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा सभी जिलों को 11 दिन में करेगा कवर
-केंद्र व प्रदेश सरकार की दलिजों से जुड़ी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा में दलितों को पार्टी से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर पार्टी का अनुसूचित जाति मोर्चा दलित समुदाय के बीच जाएगा। शनिवार से मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार वाल्मीकि की अगुवाई में जिला स्तर पर जनजागरण सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसमें समाज से जुडे़ जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को तथ्यात्मक जानकारी दी जाएगी। वाल्मीकि ने बताया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा सरकार लगातार अनुसूचित जाति के उत्थान के लिए बहुत सी कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। पूर्व सरकारों के मुकाबले योजनाओं को पारदर्शी तरीके से और लाभार्थी तक सीधा लाभ पहुंचाने की दिशा में बेहतर काम किया जा रहा है। इन्हें पहली से 11 जुलाई तक दलित लोगों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पहली जुलाई को पंचकूला में 10 बजे व दोपहर बाद 3 बजे यमुनानगर में जनजागरण अभियान की शुरूआत होगी। 2 जुलाई को अंबाला में 10 बजे, कुरुक्षेत्र में 3 बजे, 3 जुलाई को करनाल में 10 बजे, कैथल में 3 बजे, 4 जुलाई को जींद में 10 बजे, फतेहाबाद में 3 बजे, 5 जुलाई को सिरसा में 10 बजे, हिसार में 3 बजे, 6 जुलाई को भिवानी में 10 बजे, चरखी दादरी में 3 बजे, 7 जुलाई को महेंद्रगढ़ में 10 बजे, रेवाड़ी में 3 बजे, 8 जुलाई को नूंह में 10 बजे, पलवल में 3 बजे, 9 जुलाई को फरीदाबाद में 10 बजे, गुरुग्राम में 3 बजे, 10 जुलाई में झज्जर में 10 बजे, रोहतक में 3 बजे, 11 जुलाई को सोनीपत में 10 बजे व 3 बजे पानीपत में कार्यक्रम संपन्न होगा।