फोटो समाचार
हरमोहन धवन ने प्रचार के लिए पत्नी और बेटे को भी मैदान में उतारा
चंडीगढ़। 25 फरवरी की रैली के बाद आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमोहन धवन ने अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव किया है। अब उनके कैंपेन का मुख्य फोकस डोर टू डोर प्रचार का है। इसके लिए उन्होंने अपनी पत्नी सतिंदर धवन और बेटे विक्रम धवन को भी मैदान में उतार दिया है। हरमोहन धवन के साथ सतिंदर धवन और विक्रम धवन भी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। उनकी पत्नी अब तक सेक्टर डड्डूमाजरा, कच्ची कालोनी, बापूधाम, मौलीजागरां, कालोनी नंबर चार, रामदरबार और सेक्टर-32 का दौरा कर चुकी हैं। मंगलवार को उन्होंने सेक्टर-37 में चुनाव प्रचार किया और अपने पति हरमोहन धवन के लिए वोट मांगा। उनके बेटे विक्रम धवन आप की यूथ बिग्रेड के साथ सेक्टर-24, सेक्टर-22 और सात में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। वहीं, हरमोहन धवन भी लगातार संगठन, आरडब्ल्यूए और व्यापारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं। वह अपनी उपलब्धियों और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से कराए गए कार्यों का हवाला दे रहे हैं।