दो मिनट का मौन रख शहीदों को श्रद्धांजलि दी
पटियाला। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस मौके देश की आजादी के संग्राम में बलिदान देने वाले शहीदों की याद में बुधवार को माल रोड पर राजिंदरा लेक पर महात्मा गांधी के स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पुलिस की टुकड़ी ने हथियार उल्टे कर शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट की गई और दो मिनट का मौन रखा। डीसी कुमार अमित, एडीसी शौकत अहमद परे समेत अन्य शख्सियतों ने फूल मालाएं चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट की। इस मौके पर डीसी ने कहा कि हमें देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले महान सूरबीर योद्धाओं की ओर से दिखाए रास्ते पर चलने की जरूरत है। उधर डीएवी पब्लिक स्कूल में भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रिंसिपल विवेक तिवारी समेत सारे स्टाफ व बच्चों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भेंट की। सभी ने देश के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन भी धारण किया। प्रिंसिपल ने इस मौके पर अपने संबोधन में सभी को शहीदों के दिखाए देश भक्ति के रास्ते पर चलने को प्रेरित किया।