18 जुलाई तक जमा कराएं पीजी की फीस
सर्वर डाउन होने के कारण पीयू ने पीजी कोर्स में आवेदन की तारीख बढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीयू के विभिन्न विभागों में पीजी कोर्स में दाखिला लेने के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। पहले सात तक पीजी कोर्स के लिए विद्यार्थी आवेदन कर सकते थे, लेकिन अब 17 जुलाई तक दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वेबसाइट डाउन होने के कारण तिथि बढ़ाई गई है। दाखिले के लिए पीयू ने एक प्राइवेट कंपनी को हायर किया था। कंपनी का सर्वर डाउन होने के कारण पहले भी विद्यार्थियों को भारी परेशानी हुई है। विद्यार्थियों ने फार्म भरने के बाद फीस जमा कराने के लिए दो-दो बार ड्राफ्ट दिए थे। उसके बाद भी फीस कंफर्म नहीं हुई। इसको लेकर लगातार पीयू के पास शिकायतें आती रही हैं। अब तक 50 शिकायतें फीस जमा न होने की आई। अब पीयू ने फिर से तारीख बढ़ा दी है। इसका कारण बीए का परिणाम देरी से आना बताया गया है। 18 जुलाई शाम चार बजे तक फीस जमा कराई जा सकेगी।