जर्मनी में शहर की यशस्विनी ने जीता गोल्ड
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
जर्मनी के शूल में आईएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप में यशस्विनी देसवाल ने गोल्ड मेडल जीतकर शहर का यश बढ़ाया है। यह मेडल उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में अपने नाम किया। इसी के साथ उन्होंने जूनियर में वर्ल्ड रिकार्ड की बराबरी भी की। यह शहर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। चंडीगढ़ की ओर से शूल में मेडल का खाता खुल गया है। अभी गौरी श्योराण 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में दावेदारी पेश करेंगी। इसके अलावा डीएवी कॉलेज के दो छात्र मेडल के दावेदार हैं। इनमें हरजिंद बबूता और आनंद हांडा भी शामिल हैं। शहर की अनुभवी निशानेबाज डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में बीए की छात्रा है। इस उपलब्धि पर उनके कोच अमनिंद्र मान ने कहा कि देसवाल प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उससे मेडल की उम्मीद थी और उसने यह कर दिखाया। उम्मीद है कि वह ओलंपिक में भी चंडीगढ़ का मान बढ़ाएंगी।