पंचकूला। प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल भानू पंचकूला में मंगलवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में 166वीं नॉन जीडी रिक्रूट बैच के 75 प्रशिक्षणार्थियों ने शपथ ग्रहण किया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जवानों ने उत्साह के साथ शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र भारत तिब्बत सीमा पुलिस के महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दुहन उपस्थित रहे। समारोह में मुख्य अतिथि का स्वागत सेनानी विक्रांत थपलियाल ने की। परेड की कमान कांस्टेबल टी. गुरदीप ने संभाली। वहीं सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी प्रीती गोदरेज को घोषित किया गया। विजेताओं को ट्राफियां देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दुहन ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को बेसिक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज आप सभी प्रशिक्षणार्थी अपनी बेसिक ट्रेनिंग पूर्ण करने के बाद इस बल के हिमवीर परिवार में एक प्रशिक्षित सदस्य के रूप में शामिल हो गये हैं। आप सभी बहुत भाग्यशाली हैं क्योंकि आप सभी को देश सेवा का अवसर आईटीबीपी जैसे अनुशासित बल में प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में जो ज्ञान अर्जित किया गया है, उसे कायम रखकर अपने जीवन में और अधिक सीखने का प्रयास करेंगे। समारोह में डॉग स्क्वायड टीम ने विभिन्न प्रदर्शन किए। दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न राज्यों के 67 पुरुष और आठ महिला प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हुए। ये प्रशिक्षणार्थी पशु परिवहन संवर्ग से संबंधित हैं। शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से इन प्रशिक्षणार्थियों को ड्रिल वेपन, मैप रीडिंग और हथियारों को चलाने की ट्रेनिंग जैसे विषयों पर 24 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण दिया गया।