चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में 6600 सिपाहियों को नियुक्ति पत्र जारी करने पर रोक के मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने जल्द सुनवाई की अर्जी मंजूर करते हुए 6 फरवरी के स्थान पर 5 जनवरी को सुनवाई का निर्णय लिया है।
याचिका दाखिल करते हुए 41 अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट को बताया था कि हरियाणा सरकार ने पुरुष व महिला सिपाहियों के 6600 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के बाद अन्य सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया गया और जब नियुक्ति का समय आया तो सरकार ने नॉर्मलाइजेशन की नीति अपनाई। याची ने कहा कि नॉर्मलाइजेशन की नीति के चलते एक शिफ्ट में अच्छे अंक लेने वाला भी अंतिम सूची से बाहर हो सकता है। पिछली सुनवाई पर याची पक्ष ने बताया था कि भर्ती में पंजाब पुलिस रूल्स के तहत 12वीं स्तर के प्रश्न होते हैं। इस भर्ती के लिए 24 पेपर तैयार किए गए थे।
हाईकोर्ट ने इस पर केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग को इन सभी पेपर की जांच कर डिफिकल्टी लेवल पर रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट ने भारतीय सांख्यिकी संस्थान को भर्ती में इस्तेमाल नार्मलाइजेशन परसेंटाइल फार्मूले को लेकर रिपोर्ट दाखिल करने का भी आदेश दिया था। इसके साथ ही अगली सुनवाई पर एक विशेषज्ञ को कोर्ट में भेजने का आदेश दिया था जो इस मामले में कोर्ट की सहायता कर सके। इस मामले में हाईकोर्ट ने 6 फरवरी की तारीख तय की थी। अब प्रभावित पक्ष ने अर्जी दाखिल कर रोक हटाने व जल्द सुनवाई की मांग की थी। अर्जी मंजूर करते हुए हाईकोर्ट ने अब याचिका पर 5 जनवरी को सुनवाई का निर्णय लिया है।