पंचकूला। महंगी साइकिलें चोरी करने के आरोप में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव माजरी निवासी रवि कुमार उर्फ वरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 18 सितंबर को गिरफ्तार किया था और अब उसको अदालत में पेश करके चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ के बाद चोरी की गई कुल 62 साइकिलें बरामद की गई हैं। इनमें 5 से 50 हजार तक की कीमत की साइकिलें शामिल हैं। अब तक शहर में साइकिल चोरी से जुड़ी जितनी भी वारदात हुई हैं, उनमें ज्यादातर चोरी में यह आरोपी ही शामिल था। पुलिस ने सभी साइकिलें पंचकूला के शहरी क्षेत्र से बरामद की गई हैं।
चोर तक ऐसे पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सेक्टर-26 निवासी सोनिया के घर में घुसकर महंगी साइकिल चोरी की थी। चोरी की गई साइकिल की कीमत करीब 15000 रुपये थी। इसके बाद सोनिया की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 को सौंप दी थी। क्राइम ब्रांच पुलिस ने चोरी के अलग-अलग मामलों की गहनता से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो इनमें से एक में पाया गया कि एक ही व्यक्ति घर के अंदर घुसकर साइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चोरी की साइकिल बेचकर करता था नशा
क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी रवि कुमार उर्फ वरुण लुधियाना से वर्ष-2021 में चंडीगढ़ के रायपुर खुर्द में रहने आ गया था और जीरकपुर में प्राइवेट नौकरी करने लगा था। लेकिन नशा की लत लगने के बाद उसको नौकरी से निकाल दिया गया। फिर वह गांव माजरी पंचकूला में आकर रहने लगा। इसके बाद नशे के लिए पंचकूला के शहरी क्षेत्र में सेक्टर-2, सेक्टर 4, सेक्टर 7, सेक्टर 9, सेक्टर 10, सेक्टर 11, सेक्टर 12, सेक्टर 12-ए, सेक्टर 20, सेक्टर 21, सेक्टर 25, सेक्टर 26 में पैदल घूमकर लोगों के घरों में रेकी करने लगा और इसके बाद इन घरों में रात को मौका देखकर घुसकर साइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा। इसके बाद धीरे-धीरे उसके मंसूबे इतने बढ़ गए कि नशे की पूर्ति के लिए वह आए दिन साइकिल चोरी करने लगा।