कांस्टेबल जगतार सिंह का निलंबन किया जाए बहाल : कैट
वर्ष 2017 का फैसला नहीं मानने पर कांस्टेबल ने कैट में की थी अपील
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) ने सोमवार को एसएसपी, यूटी को कांस्टेबल जगतार सिंह के केस में वर्ष 2017 में दिए आदेशों की पालना करने के निर्देश दिए हैं। कैट ने एसएसपी को अगली तारीख तक आदेश बहाल करने को कहा है। कांस्टेबल जगतार सिंह समेत यूटी पुलिस के चार अन्य कांस्टेबलों पर चंडीगढ़ निवासी एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप थे। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस विभाग ने आरोपी पुलिसकर्मियों को नौकरी से बर्खास्त किया था, लेकिन दर्ज केस में सभी पुलिसकर्मी आरोप से बरी हो गए थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें नौकरी पर दोबारा लिए जाने के लिए कैट में अपील की थी। कैट ने कांस्टेबल जगतार सिंह के अलावा अन्य चारों पुलिसकर्मियों की अपील खारिज की थी। कैट ने कांस्टेबल जगतार सिंह के बर्खास्तगी के आदेश बहाल करने को कहा था। लेकिन पुलिस विभाग ने लंबे समय तक आदेशों की पालना नहीं की तो कांस्टेबल जगतार सिंह ने कैट में अपील दायर की थी। कैट के आदेश पर एसएसपी नीलांबरी जगदाले सोमवार को पेशी पर पेश हुईं थीं।