किरण का रहा क्रेज, कोविंद ने भी की गुफ्तगू
- चंडीगढ़ की सांसद के पहुंचते ही बदली कार्यक्रम की रंगत
- फोटो खिंचवाने वाले भी नहीं रहे पीछे, कालका की विधायक लतिका ने किया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में चंडीगढ़ की सांसद व फिल्म अभिनेत्री किरण खेर का जादू खूब चला। कार्यक्रम शुरू होने से करीब पौने घंटे पहले पहुंची किरण अपने रंग में दिखीं और आयोजन स्थल की रंगत बदल दी। किरण जैसे ही गेट पर पहुंचीं, महिला भाजपा कार्यकर्ता उन्हें तिलक लगाने को आगे बढ़ीं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उन्हें देखते ही कालका विधायक लतिका शर्मा स्वागत के लिए गेट पर पहुंची और उन्हें सीट तक लाईं। इसके बाद किरण ने अनेक सांसदों, मंत्रियों और विधायकों का अभिवादन स्वीकारा। किरण के साथ फोटो खिंचवाने का क्रेज भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उम्रदराज कर्मचारियों और नेताओं में भी दिखा। किरण अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखीं और किसी से अधिक चर्चा नहीं की। वह सिर्फ लतिका शर्मा से बातें करती रहीं। कुछ देर तक हरियाणा के वित्त मंत्री मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साथ उन्होंने बातचीत की। रामनाथ कोविंद के पहुंचने पर किरण खेर से भी उन्हें पुष्प गुच्छ दिलाया गया। कोविंद ने पुष्प गुच्छ स्वीकार करते वक्त चंद सेकेंड उनके साथ गुफ्तगू की। कोविंद बोल रहे थे और किरण उनकी बात का समर्थन कर रहीं थी।