पंचकूला। सेक्टर-17 स्थित गौरी शंकर मंदिर से श्री उज्जैन महाकाल, श्री ओंकारेश्वर और श्री ममलेश्वर महादेव की चार दिवसीय धार्मिक यात्रा कर 51 श्रद्धालुओं का दल वापस लौटा। मंदिर पहुंचने पर महिला संकीर्तन मंडली ने पुष्पवर्षा और भजन-कीर्तन से श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद ओंकारेश्वर और ममलेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने देश-प्रदेश की सुख-शांति और परिवारों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। लौटे श्रद्धालुओं ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए धार्मिक स्थलों के आध्यात्मिक वातावरण को यादगार बताया। मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए भगवान शिव का आभार जताया।