पंचकूला। सेक्टर-25 निवासी एक व्यक्ति को रिश्तेदार बनकर 5.60 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। रिश्तेदार बने व्यक्ति का कहना था कि कनाडा में उसकी गाड़ी से एक आदमी का एक्सीडेंट हो गया है। समझौते के लिए पैसे चाहिए। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुखदेव सिंह ने शिकायत में बताया वह पेशे से वकील है। 27 सितंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनकी पत्नि के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम जाप बताया जो उनकी साली का दामाद है। वह अमेरिका में रहती है। फोन करने वाले ने बताया कि कनाडा में उसकी गाड़ी से एक व्यक्ति का एक्सीडेंट हो गया है। उसे काफी चोटें आई हैं। उसने बताया कि वह भागकर एक वकील के पास पहुंचा है। वकील ने समझौता करने के लिए 2.10 लाख रुपये मांगे हैं।
कुछ समय बाद शिकायतकर्ता की पत्नी के व्हाट्स एप पर दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को वकील बताया। उसने कहा कि कनाडा में आपके रिश्तेदार की गाड़ी से एक्सीडेंट हो गया है। मैं समझौता करवा दूंगा। उसने पैसे भेजने के लिए खाता नंबर भेजा। वकील सुखदेव सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी झांसे में आ गई। उन्होंने 138269 रुपये भेजवा दिए। इसके बाद उनकी पत्नी ने 70 हजार रुपये और भेज दिए।
कुछ देर बाद दोबारा फोन आया कि हादसे मेें घायल व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। अब 3.50 लाख रुपये की और जरूरत है। इसके बाद पत्नि ने जानकारों से कहकर खाते में 3.50 लाख रुपये और डलवा दिए। वकील ने बताया कि जब उसकी पत्नी ने अपनी भांजी के पास अमेरिका फोन करके बात की तो धोखाधड़ी का पता लगा। आरोपी ने रिश्तेदार बनकर 560269 रुपये की ठगी कर ली।