माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सीआरपीएफ जवान का डिश टीवी रिचार्ज करने के नाम पर उसके साथ 4.97 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर 12 साइबर थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कालका निवासी भरत कुमार सीआरपीएफ में बतौर जवान कार्यरत हैं। 22 अगस्त को उन्हें अपने टीवी का डिश ऑनलाइन रिचार्ज करना था। जिसके लिए उन्होंने गूगल पर डिश रिचार्ज हेल्पलाइन नंबर ढ़ूंढ़ा। गूगल पर मिलने वाले मोबाइल नंबर कॉल कर डिश टीवी रिचार्ज करने की बात कही। कॉल रिसीव करने वाले ने शिकायतकर्ता को डिश टीवी रिचार्ज करने से पहले मोबाइल में एनी डेस्क एप डाउनलोड करने को कहा। शिकायतकर्ता ने आरोपी के कहे मुताबिक एनिडेस्क एप डाउनलोड किया। जिसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने बैंक खाते एक लाख रुपये भेजे और बैलेंस चेक करने को कहा। इस पर शिकायतकर्ता ने बैंक खाता चेक किया, तो उसमें एक लाख रुपये अधिक आ चुके थे। उसके कुछ ही मिनट के भीतर शिकायतकर्ता के बैंक खाता से 7 अलग-अलग ट्रांजेक्शन्स में 4.97 लाख रुपये निकल गए। बैंक से 4.97 लाख रुपये के डेबिट होने का मैसेज मोबाइल पर आते ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को पैसा वापस करने को कहा, लेकिन आरोपी ने पैसा वापिस नहीं किया। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत पुलिस व बैंक में दी।