अमेरिका में आधी रात बंद हुआ सेलफोन, कंपनी को लगी फटकार
उपभोक्ता फोरम ने कंपनी को 10 हजार मुआवजा, 5 हजार मुकदमा खर्च देने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अमरीका प्रवास के दौरान सेल फोन कनेक्शन बंद होने पर उपभोक्ता फोरम ने कड़ा नोटिस लिया है। उपभोक्ता फोरम ने सेलफोन कंपनी को 10 हजार रुपये मुआवजा और पांच हजार रुपये मुकदमा खर्च अदा करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि शिकायतकर्ता ने परिवार के संपर्क में रहने के लिए इंटरनेशनल सेल फोन कनेक्शन लिया था, लेकिन वह युनाइटेड स्टेट्स में जाकर बंद हो गया, जिस कारण चंडीगढ़ सेक्टर-4 निवासी अनिल आहूजा को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता फोरम ने शिकायत पर कंपनी को मानसिक पीड़ा और उत्पीडऩ के लिए 10 हजार रुपये मुआवजा और पांच हजार रुपये मुकदमा खर्च जारी करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रति मिलने पर 30 दिन के अंदर इन आदेशों का पालना करना होगा, नहीं तो मुआवजा राशि पर 9 प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज देना पड़ेगा। ये आदेश जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम-1 ने सुनवाई के दौरान जारी किए। शिकायतकर्ता अनिल आहूजा ने मैट्रिक्स सेलुलर (इंटरनेशनल) सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, न्यू दिल्ली, उसके मैनेजिंग डायरेक्टर और मैट्रिक्स सेलुलर (इंटरनेशनल) सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-8सी चंडीगढ़ के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में शिकायतकर्ता ने कहा कि 25 मई 2017 को उन्होंने उक्त कंपनी से सेल फोन कनेक्शन खरीदा, ताकि वह 31 मई 2017 से लेकर 13 जुलाई 2017 तक युनाइटेड स्टेट्स में ट्रेवलिंग के दौरान अपने परिवार और दोस्तों के संपर्क में रह सके। कनेक्शन ऑपोजिट पार्टी 3 की ओर से जारी किया गया और ये 31 मई 2017 को एक्टीवेट हो गया। उन्होंने कहा कि कनेक्शन की क्वालिटी काफी कमजोर थी और आउटगोइंग में भी काफी परेशानी हो रही थी। उन्होंने कहा कि तीन दिन बाद 3 जून 2017 को यूएस में आधी रात को कनेक्शन बंद हो गया। उन्होंने दोबारा से एक्टीवेट करवाने के लिए प्रयास किया, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद ही उन्होंने तुरंत फोरम में इसकी शिकायत की, जिसके बाद ही फोरम ने ये फैसला सुनाया। दूसरे पक्षों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने कनेक्शन कभी भी बंद नहीं किया। हैंडसेट में कोई दिक्कत हो सकती है। उन्होंने शिकायतकर्ता की सभी बार-बार शिकायत का सही रूप से जवाब भी दिया।