माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मदर डे के अवसर पर और गर्मियों में अस्पतालों में रक्त की कमी को देखते हुए फोर्गो फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड व विश्वास फाउंडेशन पंचकूला की ओर से संयुक्त रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लॉट नंबर-92 में लगाए गए शिविर में 32 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का आयोजन आशीष मित्तल ने अपने बेटे स्वर्गीय यश मित्तल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में करवाया। कैंप में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा पंचकूला ने भी सहयोग किया। विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर का उद्घाटन फोर्गो फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष मित्तल ने किया। इस दौरान राज कुमार बंसल, रमेश गर्ग और धर्मपाल गर्ग मौजूद रहे। ब्लड बैंक पंचकूला चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम ने डॉ. नीना गोयल की देखरेख में रक्त संग्रह किया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशंसा पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से सत्यभूषण खुराना, मदन नागपाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।