पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार शाम नमो क्रिकेट लीग के ग्रैंड फिनाले के निर्णायक चरण का शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। 28 सितंबर से 4 अक्तूबर तक चलने वाले इस चरण में 32 शीर्ष टीमें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में उतरेंगी। पंचकूला की 92 टीमों में गांव बिल्ला की टीम चैंपियन बनकर अंतिम 32 में पहुंची है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने बेहतर पोषण और प्रशिक्षण को जरूरी बताया। लीग के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश भी दिया गया। खिलाड़ियों और दर्शकों ने नशामुक्ति की शपथ ली।