कालका। सरकार की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगने के बावजूद शहर में जगह-जगह खुलेआम अभी भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। दुकानों से लेकर सब्जी मंडी में भी पॉलीथिन का इस्तेमाल बिना किसी झिझक के किया जा रहा है। उधर नगर परिषद भी टीमें बनाकर सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने पर लगातार चालान कर रहा है और लोगों को पॉलीथिन के प्रयोग न करने को लेकर लगातार जागरूक भी कर रहा है। इस संबंधी जानकारी देते हुए नगर परिषद कालका की ईओ निशा शर्मा ने बताया कि नगर परिषद द्वारा टीमें बनाकर सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले दुकानदारों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और उन्हें इस का प्रयोग न करने की हिदायत भी दी जा रही है।
बताया कि नगर परिषद ने 1 जुलाई से अब तक सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले 31 दुकानदारों का चालान कर चुका है जिनसे कुल 22 हजार रुपये जुर्माना वसूलने के साथ-साथ भारी मात्रा में प्लास्टिक का सामान भी जब्त किया गया है। बताया कि सरकार ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी, पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन, बीडीपीओ को भी चालान काटने के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वह खरीददारी करने के लिए घरों से ही थैला लेकर बाजार आएं और प्रशासन की इस मुहिम में भागीदारी सुनिश्चित करें।
ईओ ने बताया कि आगे भी यह अभियान इसी प्रकार जारी रहेगा। बता दें कि 1 जुलाई से जिला में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णत प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिसके तहत प्लास्टिक कैरी बैग सहित लगभग 20 अन्य आइटम्स के प्रयोग पर मनाही है।