पंचकूला। जिले में बुधवार को 30 नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें पंचकूला के 18 जबकि 12 बाहरी लोग संक्रमित हुए हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि जिले में 125 सक्रिय मरीज हैं। इसमें से पांच मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 120 घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को 643 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट वीरवार को आएगी। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 48031 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 47486 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 420 मरीजों की मौत हो चुकी है।
अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 661598 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ ने अपील की है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना टेस्ट करवा सकते हैं।