संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। थाना समालसर पुलिस ने खास मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को 73 किलो तांबा और एक बोलेरो पिकअप के साथ गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस पार्टी को गश्त के दौरान सूचना मिली कि गुरप्रीत सिंह निवासी मोगा, गुरसेवक सिंह और सरबन सिंह निवासी फरीदकोट मिलकर रात के समय समालसर, बाघापुराना और जिला फरीदकोट के विभिन्न गांवों में खेतों में लगे ट्रांसफार्मर तोड़कर तांबा चोरी करके बेचने का काम कर रहे हैं। इन्होंने इलाके के कई ट्रांसफार्मर तोड़कर तांबा और मोटरों की तारें चोरी की थीं। ये सभी आरोपी चोरीशुदा तांबा लेकर बोलेरो पिकअप में बेचने जा रहे थे। पुलिस ने नाकाबंदी करके गाड़ी को काबू किया और तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 73 किलो तांबा और बोलेरो पिकअप को बरामद किया। इस मामले में थाना समालसर में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। जिससे चोरी के अन्य मामलों की पड़ताल की जा सके।