पंचकूला। नगर निगम ने बकाया राशि जमा नहीं करवाने वाले डिफाल्टर मोबाइल टॉवर कंपनियों, अंडर ग्राउंड केबल और पोल टू पोल केबल लाइन लगाने वाली पांच कंपनियों को 24 घंटे का नोटिस दिया है। इसके तहत कंपनियों ने बकाया राशि जमा नहीं करवाई तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इन कंपनियों पर नगर निगम का करोड़ों की राशि बकाया है। पहले फेज की कार्रवाई में 21 टॉवर भी सील किए जाएंगे। पिछले दिनों हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष ने ज्ञानचंद गुप्ता ने नगर निगम का निरीक्षण कर डिफाल्टर कंपनियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
नगर निगम द्वारा सोमवार को कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। उप निगम आयुक्त दीपक सुरा ने बताया कि नगर निगम द्वारा सख्ती बरतकर पांच केबल लाइन कंपनियों को नोटिस दिया है। इससे पहले भी कंपनियों को राशि जमा करवाने के नोटिस दिए गए थे। अब निगम ने कार्रवाई की रूपरेखा बना ली है। दीपक सुरा ने बताया कि पहले फेज में 21 टॉवर सील किए जाएंगे। कंपनियों को चेतावनी देकर कहा गया है कि नगर निगम एरिया में जहां पर भी टॉवर, अंडर ग्राउंड और पोल टू पोल लाइन बिछाई है, उसकी पूरी राशि जल्द जमा करवा दें, अन्यथा लाइनें काट दी जाएंगी और टॉवर परिसर को सील कर दिया जाएगा।
42 चालान काटकर कुल 21 हजार रुपये की राशि वसूला
पंचकूला को प्लास्टिक फ्री करने के अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम की टीम अलग-अलग सेक्टरों में पहुंची। टीम ने उप निगम आयुक्त दीपक सुरा के नेतृत्व में पॉलीथिन रखने वाले दुकानदारों के चालान काटे। इस दौरान 42 चालान काटकर कुल 21 हजार रुपये की राशि वसूली गई। दीपक सुरा ने पंचकूला के दुकानदारों और जनता से निवेदन किया है कि वे पालीथिन का इस्तेमाल ना करें। पंचकूला को पालीथिन मुक्त करने को लेकर सख्ती के साथ निपटा जाएगा और जो भी कोई दुकानदार पालीथिन का इस्तेमाल करता पाया जाएगा उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके अलावा लोगों की सहूलियत और बेहतर सुविधा देने के लिए याशी कंपनी का सर्वे का डाटा लाइव कर दिया गया है। अब पुराना डाटा मान्य नहीं होगा। वहीं लोगों को सुविधा प्रदान कर नगर निगम ने सेक्टर-4 में हेल्प डेस्क भी स्थापित कर दिया है। लोग अब ऑनलाइन ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकेंगे। मौके पर ही शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचकूला शहरवासी जल्द से जल्द अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराकर इस योजना का लाभ उठाएं।