‘60 साल से अनुसूचित जाति के लोगों को छल रही कांग्रेस’
सबहेड
बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र रत्न ने विपक्ष पर साधा निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आजादी के बाद से ही कांग्रेस अनुसूचित जाति के लोगों को छलती रही है। यही वजह है कि बीते 60 वर्षों में इस वर्ग का आर्थिक व सामाजिक उत्थान न के बराबर हुआ। यह आरोप भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र रत्न ने बुधवार को सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय में लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के जनधन योजना में 33.3 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जिसमें सबसे अधिक लाभान्वित अनुसूचित जाति वर्ग हुआ। जन सुरक्षा योजना में 20.69 करोड़ लोगों को सुरक्षा कवर प्रदान किया। किफायती आवास योजना में 1.25 करोड़ गरीब लोगों को आवास दिए गए। मुद्रा योजना में 15.33 छोटे उद्यमियों को बैंक लोन प्रदान किया गया। आयुष्मान योजना से 50 करोड़ लोगों को मुफ्त स्वास्थ बीमा कवर मिला जबकि सौभाग्य योजना के जरिए 2.40 करोड़ लोगों के घरों तक बिजली पहुंची। इसके अलावा तमाम योजनाएं सरकार ले आई, जिसका लाभ आम आदमी को मिला। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 9.68 घरों में शौचालयों का निर्माण हुआ, जिससे मैला ढोने का कुप्रथा का अंत हो गया। रमेश चंद्र रत्न ने कहा कि अनुसूचित जाति का मसीहा बनने का दावा करने वाली मायावती ने मान्यवर कांशीराम को छला है। हाथी से कमाई कर वह दौलत की बेटी बन बैठी हैं। अब अनुसूचित जाति के लोग उनके सांझे में नहीं आने वाले। बीजेपी ने हमेशा इस समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया है। इस अवसर पर पार्टी के महामंत्री व संगठन मंत्री दिनेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी व भीमसेन अग्रवाल, मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण कुमार, मीडिया इंचार्ज रविन्द्र पठानिया आदि मौजूद रहे।