पॉलीथीन बैग प्रयोग न करने के लिए किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नए साल पर शुरू किए गए चंडीगढ़ गुडबाय पॉली बैग अभियान में वीरवार को एलांते मॉल में पॉली राजा स्ट्रीट प्ले आयोजित किया गया। यह प्ले स्वयंसेवी संस्था युवासत्ता द्वारा पर्यावरण विभाग और सेक्टर- 26 स्थित कॉलेज फार वुमेन की राहत वेलफेयर कमेटी के सहयोग से किया गया। युवासत्ता टीम ने लोगों को पॉलीथीन बैग प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया। साथ ही लोगों को समझाया कि किस तरह से पॉलीथीन शहर के लिए हानिकारक है। लोगों को पांच सौ बैग मुफ्त बांटे। इस मौके पर पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी के वाइस चेयरमैन देबेंद्र दलाई ने कहा कि इस तरह के अभियान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। हालांकि शुरू में इसका असर न हो, लेकिन समय के साथ लोगों पर इसका प्रभाव जरूर पड़ेगा। इस मौके पर पर्यावरण विभाग के डॉ. अब्दुल क्यूम, युवासत्ता के संयोजक प्रमोद शर्मा और एंलाते के सेंटर प्रमुख विनाथ के भी शामिल रहे। विनाथ के ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में सहयोग करते रहेंगे। डॉ. क्यूम ने कहा कि शहर के अलग अलग हिस्सों में इस अभियान को लेकर जाएंगे।