पंचकूला। सेक्टर-20 की सोसाइटी नंबर-83 के समीप बाइक सवार दो झपटमार सैर करके घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। वारदात में बुजुर्ग महिला का एक कान भी फट गया। झपटमारों का निशाना सेक्टर-20 के जीएच-76 निवासी बुजुर्ग राधा देवी बनी। उन्होंने झपटमारों के फरार होने पर बेटे दीपक को सूचना दी। फिर दीपक ने सेक्टर-20 थाना पुलिस को अज्ञात झपटमारों के खिलाफ शिकायत दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि मां राधा देवी बीते सोमवार की सुबह घर के समीप के पार्क से सैर के बाद वापस लौट रही थी। लेकिन जब सोसाइटी नंबर-83 के समीप पहुंची तो बाइक सवार दो युवक उनके समीप पहुंचे। एक मोटरसाइकिल पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरे युवक ने बाइक से उतरकर मां के पीछे से आकर उनके दोनों कान की बालियां झपट ली। वारदात में राधा देवी एक कान फटने से घायल भी हो गई। शिकायतकर्ता ने बालियों की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात झपटमारों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से झपटमारों की बाइक का नंबर और उनकी पहचान पता लगाने के प्रयास में जुटी है।