महिलाओं ने खेली फूलों की होली
-केमिकल व पानी रहित होली खेलकर दिया शरीर को नुकसान पहुंचने वाले रंगों से परहेज व पानी की बर्बादी न करने का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। होली के मौसम में रविवार सुबह 11.30 बजे सुखना लेक क्लब में पहली बार स्ट्रेट बस्टर होली का आयोजन किया गया। इसमें केमिकल और पानी रहित होली खेली गई। इसमें सिर्फ फूलों का प्रयोग किया गया। इस होली का आयोजन शिकारे की सैर और राधा कृष्ण की झांकी के साथ नृत्य करते हुए किया गया। इसका आयोजन मीट अप क्लब ने किया। इस दौरान कुछ गर्भवती और कुछ मां बनी महिलाएं मौजूद थीं। इस दौरान गायनोकॉलजिस्ट डॉ. सीमा वाधवा ने यहां एक सेशन किया। उन्होंने कहा कि युवतियां घर और बाहर दोनों ओर की जिम्मेदारी निभाने के चक्कर में चाहे अनचाहे तनाव का शिकार हो जाती हैं, ऐसे में न तो उनको इतना समय मिल पाता है कि अपनी भी देखभाल कर पाएं। ऐसे में योग, मेडिटेशन और प्राणायाम के माध्यम से कई बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है।