गर्मियों तक शिक्षकों के लिए खुल जाएगा स्वीमिंग पूल
- पीयू में स्वीमिंग पुल पड़ा है बंद, शिक्षकों ने सीनेट में रखी बात तो शुरू हुआ काम
- टीचर्स के बच्चे भी इसका ले सकेंगे लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गर्मियों में पीयू के शिक्षक स्वीमिंग पूल का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा उनके बच्चे भी इस स्वीमिंग पूल में नहा सकेंगे। पीयू प्रशासन ने इस पर काम शुरू कर दिया है। मार्च तक यह पूरी तरह चालू हो जाएगा। पीयू में स्वीमिंग पूल तो बना हुआ है, लेकिन इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इसकी कई कमियां दुरुस्त कराई जानी हैं। शिक्षकों ने कई बार इस मुद्दे को उठाया, लेकिन लाभ नहीं मिला। इस बार सीनेट की बैठक में वाइस चांसलर प्रो. राजकुमार के समक्ष यह प्रस्ताव रखा गया। सभी शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि इसे चालू करवाया जाए, ताकि इसका उपयोग हो सके। साथ ही उनके बच्चों के लिए भी इसे खोला जाए। उस दौरान वाइस चांसलर ने इस पर आश्वासन दिया था। सूत्रों का कहना है कि बैठक के बाद इस पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसकी पूरी मरम्मत होगी। बच्चों के नहाने के लिए स्वीमिंग पूल में अलग हिस्सा होगा। पानी की गहराई आदि भी देखी जाएगी। इन सभी कार्यों पर खर्च होने वाली रकम भी बोर्ड ऑफ फाइनेंस में रखी जाएगी। हालांकि वह केवल औपचारिकता भर होगी, क्योंकि वीसी इस प्रस्ताव के लिए पहले ही हामी भर चुके हैं, जो पास हो जाएगा।