पीयू की सुरक्षा: 55 लाख से सीसीटीवी कैमरे लगेंगे, दीवारों की होगी फेंसिंग
पूरे कैंपस की होगी निगरानी, टेंडर के बाद इसी सत्र में पूरा कर लिया जाएगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए कमदताल शुरू हो गई है। पीयू में 55 लाख रुपये से सीसीटीवी कैमरे और दीवारों की फेंसिंग की जाएगी। इसका खाका लगभग तैयार हो गया है। पीयू में कैमरों की संख्या 130 से अधिक है, लेकिन यह नाकाफी हैं। पूरा कैंपस कैमरे की निगरानी में नहीं आ पा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगभग 55 लाख रुपये के कैमरे लगाए जाएंगे। दीवारों की फेंसिंग होगी। बाड़ भी लगाई जाएगी। धनास की तरफ जाने वाले मार्ग पर जंगल है। ऐसे में वहां कैमरे व ऊंची दीवार की जरूरत है। यह कैमरे पार्किंग के अलावा मैदान, दीवारों के आसपास लगाए जाएंगे। लैब, म्यूजियम, स्टूडेंट सेंटर, विभागों के बाहर भी अधिक से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ साउथ कैंपस में भी कैमरे लगेंगे, जिसके लिए इसके बाकायदा टेंडर होगा और इसी सत्र में यह काम भी पूरा कर लिया जाएगा। कैमरे लगने के बाद पीयू का पूरा कैंपस उसमें नजर आएगा। कोई भी घटना हो या चोरी की वारदात। उसका कैमरे के जरिये पता चल जाएगा। पीयू की सुरक्षा में जुटी पुलिस का काम भी इन कैमरों के माध्यम से आसान हो जाएगा। मालूम हो कि यह मामला सिंडिकेट व सीनेट में उठा था। उसके बाद बजट को मंजूरी दी गई थी। अब इस पर काम हो रहा है।