अकाली विधायक ने नवजोत सिद्धू को कहे अपशब्द
विधानसभा स्पीकर ने मामला विशेषाधिकार हनन कमेटी को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पंजाब विधानसभा में बुधवार को नवजोत सिंह सिद्धू और पवन कुमार टीनू के बीच हुई झड़प में इस्तेमाल शब्दावली में सदन की मर्यादा, नियमावली सब ताक पर रख दिए गए थे। वीरवार को इस मुद्दे पर संसदीय कार्यमंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने सदन में प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने बुधवार को सदन की कार्यवाही के दौरान अकाली विधायक पवन कुमार टीनू की ओर से स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिद्धू के खिलाफ इस्तेमाल शब्दावली का उल्लेख करते हुए मामला विशेषाधिकार कमेटी को सौंपने की मांग की। ब्रह्म मोहिंदरा ने सदन में टीनू के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि टीनू ने बुधवार को सदन की कार्यवाही के दौरान स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिद्धू के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दावली का इस्तेमाल किया। ब्रहम मोहिंदरा द्वारा टीनू के खिलाफ लाए इस प्रस्ताव को कांग्रेस विधायकों के समर्थन से पारित कर दिया गया। इसके बाद स्पीकर ने यह मामला विशेषाधिकार हनन समिति को भेज दिया।