पंचकूला। शहर के उपायुक्त उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए जिले में स्थापित किए गए मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और मतगणना के लिए की जा रही व्यवस्था का जायजा लिया। कालका विधानसभा क्षेत्र के लिए राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 में स्थित मतगणना केंद्र में की गई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसी प्रकार पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-1 पंचकूला में मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है। उपायुक्त ने दोनों मतगणना केंद्रों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से भी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा से संबंधित जानकारी हासिल की। उपायुक्त ने बताया कि लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को की जाएगी। मतगणना के लिए प्रशिक्षित स्टाफ को तैनात किया जाएगा। दोनों मतगणना केंद्रों पर मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक भाजपा क्षेत्र के 5-5 मतदान केंद्रों की वीवीपैठ की पर्चियों की भी गिनती की जानी है और इस गणना के लिये भी विशेष व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बल, हरियाणा पुलिस सहित व्यापक सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। मतगणना केंद्र के 100 मीटर के दायरे में केवल अधिकृत कर्मियों और लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। कोई भी व्यक्ति अपने साथ मोबाइल या अन्य सामान लेकर नहीं जाएगा। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एडीसी उत्तम सिंह, एसडीएम पंकज सेतिया, एसडीएम कालका अनीता मलिक, नगराधीश गगनदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।