बादल बरसे, गर्मी और उमस से राहत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लगातार एक हफ्ते से गर्मी और उमस से जूझ रहे शहरवासियों को थोड़ी राहत मिली है। वीरवार दोपहर बाद चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। हालांकि, इससे दिन व रात के तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिली। वीरवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। रात का तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। इस दौरान हवा में नमी की मात्रा भी काफी ज्यादा रिकार्ड हुई। विभाग के मुताबिक हवा में नमी की मात्रा 97 से 57 प्रतिशत रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर बाद चंडीगढ़ में 20 एमएम और एयरपोर्ट के आसपास सिर्फ बूंदाबांदी रिकार्ड हुई। मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को भी बादल छा सकते हैं। बारिश की संभावना है।