बारिश ने खोली नगर काउंसिल के प्रबंधों की पोल
डेराबस्सी शहर और गांवों में कई जगहों पर हुआ जलभराव, घरों में भरा पानी
डेराबस्सी।
मानसून की पहली बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई, वहीं डेराबस्सी नगर काउंसिल के प्रबंधों की पोल भी खुल गई। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेन बाजार समेत जगह-जगह पर पानी भर गया। गांव सुंडरा और भांखरपुर में घरों में पानी भर जाने से लोगों का समान खराब हो गया। गांव जनेतपुर और बाकरपुर नजदीक बने रेलवे अंडरपाथ में पानी भरने से गांवों को जाने वाला रास्ता बंद हो गया। बुधवार को हुई बारिश ने नगर काउंसिल के जल निकासी प्रबंधों की पोल खोल कर रख दी। गुलाबगढ़ सड़क पर गिल कॉलोनी में भी पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आदर्श नगर, रामलीला मैदान, मुख्य सड़क, मेन बाजार इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी हुई।