पंचकूला। जिले में कोई भी नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करने से न चूकें इसके लिए जिला प्रशासन ने स्वीप कार्यक्रम के तहत गर्मी के मौसम में ‘वोट छबील’ लगाकर हर राहगीर को न केवल पानी पिलाया बल्कि उन्हें 12 मई को सुबह 7 से 6 बजे तक अपने वोट डालने का अनुरोध भी किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. बलकार सिंह गर्मी में दोपहर 11.15 बजे टोल प्लाजा पर पहुंचे और उन्होंने अपने हाथों से वाहनों में आने जाने वालों नागरिकों को पानी पिलाकर वोट का प्रयोग करने का आह्वान किया। स्वीप कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने जिला में हाउसिंग बोर्ड चौक व मौली चौकी पर पानी पिलाकर मताधिकार के प्रति सचेत किया। पंचकूला में 25 हजार कप निर्वाचन आयोग द्वारा पानी पिलाने के लिए भेजे गए जिनमें नागरिकों को प्रशासन के कई अधिकारियों ने गर्मी के मौसम में पानी पिलाकर पुण्य का कार्य किया ओर वोट की महता के बारे में भी जागरूक किया।