जीएसटी संबंधी दिक्कतें दूर करने को तैयार : कैप्टन
चंडीगढ़। हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि एक जुलाई से देश में जीएसटी लागू हो जाएगा। इससे पहले देश भर में 8 से 10 हजार वर्कशॉप का आयोजन जीएसटी पर किया जा रहा है। वे भी संसद के सेंट्रल हॉल में जीएसटी पर होने वाले कार्यक्रम में जीएसटी काउंसिल का सदस्य और वित्त मंत्री के नाते शामिल होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी इसका हिस्सा बनेंगे। यदि किसी भी व्यक्ति को जीएसटी के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की समस्या आ रही है तो सरकार और आबकारी एवं कराधान विभाग सहयोग के लिए तैयार है। कांग्रेस के जिन नेताओं को इस पर एतराज और आपत्ति है वे जीएसटी काउंसिल में शामिल सदस्यों से चर्चा कर अपनी शंका दूर करें। जीएसटी पारित होने में कांग्रेस का भी सकारात्मक सहयोग मिला है।