पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत के आवास पर मलेरिया विंग की जांच
सर्वेंट क्वार्टर पर मिले डेंगू के लारवा पनपने के हालात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
मलेरिया का सीजन शुरू होते ही चंडीगढ़ प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों के अनुकूल माहौल बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को मलेरिया विंग ने सेक्टर चार में पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और सेक्टर-2 में पंजाब की पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्ठल के आवास पर जाकर जांच की। दोनों के आवास के सर्वेंट क्वार्टर से डेंगू के लारवा पनपने वाली स्थिति मिली हैं। वहां पर कई दिनाें से जमा हुआ पानी रखा था, जिसमें डेंगू के लारवा पनपने के पूरे चांस थे। मलेरिया टीम ने वहां पर जमा पानी को फेंकवाया और संबंधित सामान को साफ करवाकर रखने की चेतावनी भी दी। विंग ने कहा कि यदि दोबारा से पानी जमा मिला तो चालान की कार्रवाई होगी। मलेरिया विभाग के अधिकारी ने बताया कि बार- बार बारिश से डेंगू के मच्छराें के लिए अनुकूल स्थिति बन रही हैं। इसलिए पूरे शहर में डोर टु डोर सर्वे किया जा रहा हैं। पिछले साल डेंगू के 900 केस आए थे। इसलिए मलेरिया विभाग कोई कसर नही छोड़ना चाहता।