पिंजौर। पिंजौर के एक घर में घुस कर चार आरोपियों ने नाबालिग लड़की से अश्लील हरकत करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की। लड़की को बचाने जब उसकी मां आई तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी भानू, नवीन, कालिया और रवि के खिलाफ पोक्सो एक्ट के साथ साथ आईपीसी की धारा 323, 452, 506, 354 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 20 जून को सुबह करीब साढ़े 10 बजे नहाने के लिए बाथरूम में गई हुई थी। इस दौरान उसकी बेटियां टीवी देख रही थीं। अचानक घर के दरवाजे जोर से दस्तक होने लगी। इसके बाद उसकी 11 वर्षीय बड़ी बेटी ने सोचा कि उसका मामा आया होगा तो उसने दरवाजा खोल दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि अचानक उसकी बेटी की जोर से चीखने और रोने की आवाज आने लगी। बेटी की चीखने की आवाज सुन कर वह जल्दी से नहा कर बाथरूम से बाहर आई तो उसने देखा कि आरोपी भानु, नवीन, कालिया, रवि उसकी लड़की के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट को टच कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने आरोपियों की हरकत पर उन्हें ऐसा करने से मना किया और शोर मचाना शुरू कर दिया तो आरोपियों ने उसकी बेटी को छोड़ कर उसे बालों से पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद वे उसे जमीन पर गिरा कर उसके साथ मारपीट करने लगे, इस दौरान शोर की आवाज सुन कर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। उन्होंने उसे और उसकी बेटियों को आरोपियों के चुंगल से बचाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि मौके से भागते हुए आरोपी भानु ने उसे धमकी देते हुए कहा कि इस बार तो उसे पड़ोसियों ने बचा लिया लेकिन वह दोबारा आकर उसे और उसकी बेटियों को उठा कर ले जाएगा और उन्हें कोलकाता बेच आएगा। पीड़िता की मां ने पुलिस से गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी एएसआई अनंवतराम ने बताया कि चारों आरोपी बालिग हैं और उनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।