पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने बीते वीरवार को राजीव कालोनी स्थित हिमाचली ढाबे के समीप एक व्यक्ति को सट्टा खिलवाने के आरोप में धरा। पुलिस ने एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा और फिर उसे रंगे हाथ अरेस्ट किया। मौके पर ली तलाशी में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3990 रुपये रिकवर किए। साथ ही सट्टा खिलवाने के लिए इस्तेमाल गत्ता और बॉल पेन रिकवर किया। आरोपी राजीव कालोनी निवासी अनिल कुुमार है। पुलिस को सूचना था कि आरोप हिमाचली ढाबे के समीप सड़क पर लाइट की रोशनी में खड़ा होकर ऊंची-ऊंची आवाज में लोगों को सट्टा खेलने को बुला रहा था। वह कह रहा था कि मेरे पास आओ, अपनी-अपनी किस्मत आजमाओ। सट्टा किस्मत का खेल है। आरोपी एक से 100 अंक तक किसी भी अंक पर सट्टा लगवा रहा था और नंबर आने पर कमीशन काटकर 10 रुपये के बदले 900 रुपये देने का दावा कर रहा था। पुलिस ने एक सिपाही को फर्जी ग्राहक बनाकर आरोपी को उसके पास भेजा। फर्जी ग्राहक ने अंक 21 पर 50 रुपये का सट्टा लगाकर सट्टेबाज से छोटी पर्ची हासिल की और फिर सिर पर अपना दाहिना हाथ घुमाकर अन्य पुलिसकर्मियों को रेड करने का इशारा दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से पुलिसकर्मी का हस्ताक्षर किया 50 रुपये का नोट रिकवर किया।