कालका। कालका के टिब्बी मोहल्ला में एक व्यक्ति ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान मूलचंद (28) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने ही कालका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान सीन आफ क्राइम टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। जानकारी देते हुए कालका थाना एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि मृतक की पहचान मूलचंद (28) के रूप में हुई है जोकि यूपी का रहने वाला था और पिछले करीब डेढ़ साल से कालका टिब्बी मोहल्ला में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहा था। मूलचंद पेशे से राजमिस्त्री का काम करता था। जिसके दो बच्चे भी हैं। बताया कि सोमवार दोपहर को मृतक ने अपनी पत्नी को टीवी देखने की बात कह कर दूसरे कमरे में जाने को कहा और टीवी की आवाज तेज कर अंदर से दरवाजे की कुंडी लगा ली। बताया कि मृतक की पत्नी ने दोपहर करीब एक बजे जब उसे खाना देने के लिए दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद किचन के साथ बनी खिड़की से झांक कर देखा तो मूलचंद कमरे के पंखे के साथ चुन्नी का फंदा लगा लटका हुआ था। एसएचओ ने बताया कि फिलहाल शव को कालका सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है जांच जारी है।