पंचकूला। बीते रविवार की रात सिविल अस्पताल-6 की चौथी मंजिल पर बने नशा मुक्ति केंद्र की खिड़की से चादर की रस्सियों से नीचे उतरकर फरार हुए पांचवें नशेड़ी सौरभ को भी पुलिस ने सोमवार को काबू कर लिया है। पुलिस नशेड़ी मरीज को काबू कर वापस अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में लाई। इससे पहले पुलिस ने बीते रविवार की देर रात तक फरार चार अन्य नशेड़ियों, नितिन, विनोद, कुलदीप और अमनदीप को पकड़ा था। पुलिस ने इन्हें भी वापस नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवा था। लेकिन नशेड़ियों के लगातार केंद्र से फरार होने के कारण पुलिस ने सोमवार से नशा मुक्ति केंद्र के गेट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जहां पहले गेट पर केवल एक पुलिसकर्मी मुस्तैद था, वहीं सोमवार को चार पुलसिकर्मियों को यहां मुस्तैद किया गया। अब चार पुलिसकर्मी नशेड़ी मरीजों की निगरानी करेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने एसएमओ को चिट्ठी लिखकर नशा मुक्ति केंद्र की खिड़कियों पर लोहे की ग्रील लगवाने की मांग की है। ताकि वहां से दोबारा कोई नशेड़ी मरीज आसानी से फरार न हो सके और न ही कोई जानलेवा हादसा हो। क्योंकि बीते वर्षों एक मरीज ने खिड़की से ही नीचे कूदकर जान दे दी थी।