पिंजौर। ओएलएक्स ऑनलाइन शॉपिंग पर खुद को सेना का कर्मचारी बताकर आरोपी ने बाइक बेचने के एवज में खरीददार से पैसे तो अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए लेकिन बाइक की डिलीवरी नहीं की। शिकायतकर्ता को जब शक हुआ कि आरोपी द्वारा उसे ठगा जा रहा है तो उसने इसकी शिकायत पिंजौर पुलिस को दी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 केेेे तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का निवासी है और फिलहाल पिंजौर की भीमा देवी कालोनी में रह रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि विगत 12 मई को उसने ओएलएक्स ऑनलाइन शॉपिंग पर एक बाइक देखी जिसके मालिक का नाम पंकज शर्मा निवासी गांव सरोख जिला शिमला लिखा हुआ था। बाइक 220 सीसी की थी जिसकी कीमत 60 हजार रुपये बताई हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बाइक खरीदने के लिए बाइक के मालिक आरोपी पंकज शर्मा से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह भारतीय सेना में काम करता है। आरोपी ने सबूत के तौर पर आईडी के तौर पर अपना आधार कार्ड, पेन कार्ड और कैंटीन कार्ड उसके व्हाट्स एप नम्बर पर भेज दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके बाद आरोपी पंकज के 5 हजार रुपये मांगने पर आरोपी के पेटीएम अकाउंट में उसने पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि अगले दिन 13 मई को आरोपी पंकज ने उसे बताया कि बाइक पार्सल कर दी है और उसके कहे अनुसार 12 हजार और 16 हजार करके कुल 28 हजार रुपये उसके पेटीएम एकाउंट में डाल दिए। 14 मई को एक अन्य व्यक्ति फोन करके कहता कि शेष 21 हजार रुपये पेटीएम कर दो तभी उसे पार्सल मिलेगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है तो उसने पार्सल मिलने के बाद ही बाकी पेमेंट करने की बात कही। जब इस बारे में आरोपी पंकज शर्मा से बात की तो उसने कहा कि अगर बाकी पैसे ट्रांसफर नहीं हुए तो उसे पार्सल नहीं मिलेगा और उसका पैसा और बाइक फिर तीन महीनों तक नहीं मिलेगी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि आरोपी द्वारा उसके साथ धोखाधड़ी की गई है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।