पंचकूला। डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर फोरम पंचकूला ने नाभा रोड स्थित मंजीत एग्रो इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर सतनाम सिंह पिंजौर के प्रगति विहार के अब्दुलापुर निवासी श्याम सुंदर शर्मा (52) को खराब सेंड लोडर मशीन देने पर 1.45 लाख रुपये लौटाने के आदेश दिए हैं। फोरम ने सतनाम सिंह को केस फाइल करने के समय से रकम लौटाने तक 9 प्रतिशत सालाना ब्याज देने के आदेश दिए हैं। साथ ही श्याम सुंदर शर्मा को मानसिक तनाव व हैरासमेंट के 15 हजार रुपये और 5 हजार रुपये मुकदमा खर्च देने के आदेश दिए हैं। श्याम सुंदर शर्मा ने फोरम को बताया कि उन्होंने पिंजौर में रेत सप्लाई का छोटा कारोबार शुरू किया था। इसके लिए उन्होंने सतनाम सिंह से एक लाख 45 हजार रुपये में सेंड लोडर मशीन खरीदी। लेकिन उन्होंने मशीन का इस्तेमाल किया तो उसके खराब होने का पता लगा। मशीन में लगे पार्ट्स भी पुराने थे, जिन्हें पेंट किया गया था। मशीन के ठीक तरह से काम नहीं करने पर उन्होंने सतनाम सिंह से कई बार संपर्क किया। लेकिन उसने करीब एक महीने बाद दो लोगों को मशीन रिपेयर के लिए भेजा। दोनों मैकेनिक भी श्याम सुंदर से मशीन को बिना ठीक किए दोबारा आने की बात कहकर चले गए। श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि उन्होंने 1.45 लाख रुपये के अलावा मशीन ठीक कराने के लिए अतिरिक्त 24 हजार रुपये अपनी जेब से खर्च किए। उन्होंने सतनाम सिंह को दी रकम का रिकॉर्ड भी फाइल में संलग्न किया था।