लोक अदालत में 24407 मामलों का हुआ निपटारा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाई गई राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्रदेश में 24,407 लंबित मामलों का निपटान किया गया है। विधिक सेवा प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने ये जानकारी देते हुए बताया कि न्यायालयों में लंबित और प्रीलिटिगेशन के मामलों के निपटान के लिये समय समय पर लोक अदालत आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि मार्च मास के दौरान लगाई गई इस लोक अदालत में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 56,315 केसों की सुनवाई की गई है। इनमें से 24,407 केसों का मौके पर ही निपटान कर लिया गया है। इन मामलों में समझौता राशि के रूप में 48 करोड़ 14 लाख 86,377 रुपये की राशि वसूल की गई है। निपटाये गये मामलों में सिविल, आपराधिक, वैवाहिक विवाद, बैंक रिकवरी व अन्य अधिनियमों से संबंधि मामले शामिल हैं।