सुअर फार्म को बंद करने के आदेश
बरवाला। बरवाला-रायवाली मार्ग पर स्थित लोगों के लिए परेशानी का सबब बने एक सुअर फार्म को एसीपी सहायक पुलिस आयुक्त कम कार्यकारी मजिस्ट्रेट पंचकूला ओमप्रकाश ने इस सुअर फार्म को तत्काल ही बंद करने के आदेश दिए हैं। उक्त जानकारी देते हुए बरवाला पुलिस चौंकी इंचार्ज ऋषिपाल ने बताया कि राजकुमार जैन पुत्र रौनक जैन वासी बरवाला दुर्गा कॉलोनी ने इस फार्म मालिक शिवेन्द्र परासर पुत्र ज्ञानेन्द्र पराशर, वासी मकान नंबर-बी/ 305 विक्रम विहार एंड ब्लू एचओ सेक्टर-27, पंचकूला के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी कि ये फार्म आबादी एरिया में हैं जिससे यहां 24 घंटे गंदगी व बदबू फैली रहती है। लोगों को श्वास संबंधी दिक्कतें भी आ रही थी और कोई भयानक बीमारी फैलने का खतरा भी दिन-रात बना हुआ था। एसीपी द्वारा इस मामले की गहनता से जांच की गई, जिसमें इस सुअर फार्म में कई अनियमितताएं मिली और इसे एसीपी ने तुरंत ही बंद करने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि इस फार्म के मालिक मौके पर नहीं मिले तो पुलिस ने इस फार्म के गेट पर इस नोटिस को चस्पा दिया है। पुलिस ने बताया कि इस नोटिस के अनुसार फार्म मालिक को 15 दिन का समय दिया गया है, अगर उसने अपने फार्म को बंद नहीं किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।