बरवाला में गैस एजेंसी की सप्लाई डेढ़ माह से बाधित, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला। एक तरफ तो केन्द्र सरकार द्वारा लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं लेकिन दूसरी ओर कस्बा बरवाला में सेक्टर-16 पंचकूला से बरवाला आने वाली आशीर्वाद गैस एजेंसी की सप्लाई कई दिनों से बाधित हो रही है जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता सुभाष, ऋषिपाल, धर्मवीर सिंह, राजेश कुमार, राजमोहन, टीटू, विरेन्द्र कुमार आदि ने बताया कि गैस एजेंसी की सप्लाई करीब डेढ़ महीने से पूरी तरह बाधित है। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने सिलिंडर लेने के लिए मोबाइल नंबर पर घंटी बजती है लेकिन उठाता कोई नहीं। इस कारण ये सभी उपभोक्ता काफी परेशान हो रहे हैं। करीब डेढ़ माह से अपने घरेलू गैस सिलिंडर को भरवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इन उपभोक्ताओं ने इस गैस एजेंसी पर आरोप लगाया कि बुकिंग करवाने के बाद उपभोक्ता को सिलिंडर मिलता नहीं और डिलीवर का मेसेज आ जाता है। इन सभी उपभोक्ताओं ने आज खाली गैस सिलिंडर रखकर एजेंसी के प्रति रोष प्रकट किया। लोगों ने कहा कि इस एजेंसी के ऑफिस में फोन करने पर रोजाना सिलिंडर लेकर बरवाला आने की बात करते हैं लेकिन आते हैं नहीं। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र ही इस गैस एजेंसी की सप्लाई नियमित नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे और अपने गैस कनेक्शन भी दूसरी गैस एजेंसी से लेने से पीछे नहीं हटेंगे। डीएफसी पंचकूला मेघना कंवर ने कहा कि ये मामला मेरे संज्ञान में नहीं था और शीघ्र ही इस एजेंसी की गैस सप्लाई नियमित करवा दूंगी।