मांगे पूरी न होने पर वकीलों ने रखा पंचकूला कोर्ट में वर्क सस्पेंड
वकीलों ने कहा हमें हमारे अधिकार दिए जाएं
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। वकीलों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर पंचकूला जिला अदालत में मंगलवार को वर्क सस्पेंड रखा। वकीलों ने मांग की है कि सरकार हमारी मांगे पूरी करे। पंचकूला जिला अदालत बार एसोसिएशन के प्रेसीडेंट उमेश कुमार माहौर, वाइस प्रेसीडेंट मनोज कुमार गौड़, सेक्रेटरी दिव्य प्रताप सिसौदिया, ज्वाइंट सेक्रेटरी समीक्षा शर्मा, खजांची साहिल गोयल ने कहा कि देश की सभी बार एसोसिएशन में पर्याप्त बिल्डिंग, वकीलों को बैठने का स्थान, लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी, इंटरनेट आदि की सुविधा मुहैया करवाई जाए। केंद्र सरकार वकीलों और याचिकाकर्ताओं के कल्याण के लिए बजट में 5 हजार करोड़ का प्रावधान करे। वकील व उनके परिवार का बीमा करवाया जाए। नए और जरूरतमंद वकीलों को पहले पांच साल तक मदद के रूप में 10 हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाए। किसी हादसे की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। बजट प्रावधान की राशि बांटने का अधिकार बार काउंसिल को दिया जाए। राज्य में एजी की अगुवाई में कमेटी को इसके उपयोग की जिम्मेदारी दी जाए। वकील आकस्मिक मृत्यु पर उसके परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए। विभिन्न ट्रिब्यूनल फोरम कमिशन में पूर्व जजों के अतिरिक्त योग्य वकीलों को भी सदस्य बनाने का प्रावधान किया जाए। इस मौके पर एडवोकेट सतिंदर कुमार, भाग सिंह नेगी, अजय चौधरी, आईडी शर्मा, अमित सिंगला, सुभाष कुमार, सतीश कादियान सहित अन्य सभी वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा है। इस कारण जिला अदालत में सुनवाई होने वाले केसों की तारीखें बढ़ा दी गई है।