विधायक, उपायुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा
- मनसा देवी कांपलेक्स में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता, जिला उपायुक्त मुकुल कुमार और जिला पुलिस उपायुक्त कमलदीप गोयल सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने माता मनसा देवी कांप्लेक्स का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। कांप्लेक्स में बनने वाले आयुर्वेद संस्थान की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 फरवरी को सुबह 11 बजे कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में डिजिटल लिंक से शिलान्यास करेंगे। विधायक एवं उपायुक्त ने बताया कि श्री माता मनसा देवी कांप्लेक्स पंचकूला में बनने वाले प्रदेश के एकमात्र नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद का डिजिटल लिंक के माध्यम से प्रधानमंत्री नींव रखेंगे। उन्होंने बताया कि मनसा देवी में प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा। इस अवसर पर मनसा देवी कांप्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री श्रीपेड येसो नाईक, अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया, आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटेचा तथा एनआईए निदेशक संजीव शर्मा तथा हरियाणा के कई मंत्री एवं विधायक भी शिरकत करेंगें। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की अनुमानित लागत 270.50 करोड़ है। यह संस्थान 250 बेड के आईपीडी अस्पताल के साथ आयुर्वेद उपचार, शिक्षा और अनुसंधान के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का संस्थान होगा। संस्थान हर साल 500 से अधिक छात्रों को यूजी, पीजी और पीएच की पेशकश करेगा। सभागार के लिए सुविधाओं के साथ छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। लगभग 19.87 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा, एसडीएम पंकज सेतिया, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी सतपाल शर्मा, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. दलीप कुमार मिश्रा, श्रीमाता मनसा देवी बोर्ड के मुख्य कार्यकारी, भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।