ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू : बंसल
आरोप- भाजपा नेता पुन: फीते काट कर झूठी वाहवाही लूटने का कर रहे प्रयास
पिंजौर। कालका विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से लिंक कर बेहतर सड़क सुविधा प्रदान करने के लिए ज्ञापन भेजकर मांग की थी जिस पर सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा कुछ सड़कों का तकनीकी समस्या की वजह से निर्माण होना संभव नहीं है। यह दावा हरियाणा किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व चेयरमैन हरियाणा सरकार विजय बंसल ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। बंसल ने बताया कि उन्होंने 2011 में तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री, हरियाणा सरकार रणदीप सुरजेवाला को कालका विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र खोखरी से थपल तक, धामसु से डखरोक, भवाना से जैथल, दिवानवाला से अंबका, पपलोहा से गरिडा, निचला भवाना से दमदमा, खड़कुआ से टादिवाला, चिकन से चपेहर, भगवानपुर-रायपुर मार्ग से ढालुवाल, नंदपुर से अंबका, मल्लाह से टिब्बी, मल्लाह से हिमाचल सीमा, जटवाला से टिब्बी, सूरजपुर से मानकपुर देवीलाल, जैथल से हिमाचल सीमा तक आदि संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए ज्ञापन दिया था। उसके बाद जनवरी 2015 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पुन: इन सड़कों के निर्माण के संबंध में ज्ञापन दिया। बंसल ने बताया कि उसके बाद उन्हें आरटीआई में जानकारी मिली कि आपके द्वारा सड़कों की मांग के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है व कुछ सड़कों का निर्माण होना संभव नहीं है। बंसल ने कहा कि 8 सड़कों की निर्माण की प्रकिया शुरू हो चुकी है और कुछ का निर्माण पूरा हो चुका है जिसमें सूरजपुर से मानकपुर देवीलाल तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ सड़कों के निर्माण के लिए पर्याप्त रास्ता न होने की वजह से भाजपा सरकार के चार वर्ष बीतने के बावजूद कार्रवाई शुरू नहीं की गई है जिसमें पपलोहा से गरिडा, खरखुआ से टांडीवाल, भगवानपुर-रायपुर से ढालुवाल, मल्लाह से टिब्बी, मल्लाह से हिमाचल सीमा, जतवाल से टिब्बी, चरनिया से जोहलुवाल तक आदि संपर्क मार्ग हैं। बंसल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता आए दिन या तो पुन: फीते काट कर या फिर रिपेयर के नाम पर फीता काट कर वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं।